सेक्टर – 12 में मज़दूरों के कार्यक्रम का आयोजन


स्वैच्छिक रूप से सामाजिक जागरूकता को समर्पित ज्ञान गंगोत्री विकास संस्था के तत्वावधान में द्वारका, सेक्टर -12 मेट्रो स्टेशन के समीप स्थित रैन बसेरा के परिसर में 1 मई, विश्व मज़दूर दिवस के अवसर पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान संस्था के महासचिव श्री भरत ने मज़दूरों को सम्बोधित करते हुए कहा कि रोजगार की तलाश में अन्य राज्यों से मज़दूरों की बड़ी संख्या हर साल दिल्ली की ओर रूख करती है। दिल्ली में तुरंत काम न मिलने के कारण उन मज़दूरों को रहने-ठहरने समेत खाने-पीने की भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने दिल्ली शहरी आश्रय सुधार बोर्ड के पदाधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके विभाग के द्वारा बनाया गया रैन बसेरा उन असहाय मज़दूरों के लिए काफी उपयोगी साबित हो रहा है।

मजदूरों को संबोधित करते हुए गंगोत्री विकास संस्था के महासचिव श्री भरत   
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रो. हंसराज सुमन ने इस अवसर पर मज़दूरों एवं रिक्शाचालकों को विभिन्न प्रकार की जानकारियों से अवगत कराया। दिल्ली राज्य एड्स नियंत्रण समिति के डा. राजेश्वर उपाध्याय ने मज़दूरों को एच.आई.वी. से बचाव की जानकारी दी। इस अवसर पर संस्था की उपाध्यक्ष रानी सिंह एवं वरिष्ठ नागरिक की अध्यक्षा निर्मल माता जी एवं वरिष्ठ नागरिक धर्मराज जी ने नशा से बचने के लिए मज़दूरों के समक्ष अपने विचार प्रकट किए। संस्था के सलाहकार संतोष कुमार पटेल एवं कानूनी सलाहकार ज्योति पटेल ने भी मज़दूरों के समक्ष अपने विचार प्रस्तुत किए।

द्वारका परिचय डेस्क