अपार इंडिया कालेज नेताजी सुभाष प्लेस,पीतम पुरा में राष्ट्रीय कवि संगम द्वारा काव्य गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर राष्ट्रीय कवि संगम के अध्यक्ष श्री जगदीश मित्तल एवं पीसीआर इंचार्ज नार्थ़-वेस्ट जोन तथा ख्यातिलब्ध कवि इंसपेक्टर आदेश त्यागी ने राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित प्रबुद्ध शिक्षाविद एवं सामाजिक कार्यकर्त्ता श्री राजकुमार जैन तथा अपार इंडिया कालेज के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर श्री अपार जैन को पांचवी दस्तक पुस्तिका भेंट की ।
अपने संबोधन में श्री राजकुमार जैन ने कहा कि कवि-साहित्यकार अपने-अपने तरीके से राष्ट्र जागरण का कार्य करते हैं। एक कवि अपनी अनुभूति की गहनता एवं अभिव्यक्ति क्षमता का कुशल प्रयोग कर कविता के माध्यम से सामाजिक विषमता, कुरीतियों एवं ज्वलंत समस्याओं पर करारा प्रहार करते हुए समाज का पथ प्रदर्शन करता है। काव्य गोष्ठी के दौरान कवियों ने अपनी एक से बढकर एक रचनाएं पेश कर बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
















