सकारात्मक साहित्य की अलख जगाता वार्षिक उत्सव सम्पन्न

नई दिल्ली।(प्रो. एस. एस. डोगरा) अन्तरराष्ट्रीय सकारात्मक साहित्य मंच का द्वितीय वार्षिक उत्सव रविवार को हिन्दी साहित्य परिषद् एवं राजधानी कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में राजधानी कॉलेज के मुख्य सभागार में आयोजित हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व मुख्यमंत्री उत्तराखंड एवं पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ ने की। कॉलेज प्राचार्य प्रो. दर्शन पाण्डेय के सानिध्य में आयोजित समारोह में राष्ट्रीय कवि संगम के अध्यक्ष जगदीश मित्तल सहित साहित्य, कला एवं सामाजिक क्षेत्र की अनेक हस्तियां उपस्थित रहीं।

चार चरणों में आयोजित समारोह में सम्मान समारोह, तीन पुस्तकों का लोकार्पण, कवि सम्मेलन और जन्मदिन समारोह प्रमुख आकर्षण रहे। मेजर डॉ. प्राची गर्ग, कैप्टन दिलीप कुमार और एसीपी राजेन्द्र कलकल को शौर्य सम्मान प्रदान किया गया। इसके अलावा ओमप्रकाश कल्याणे, पंकज शर्मा एवं वरिष्ठ व्यंग्यकार सर्वेश अस्थाना सहित अन्य साहित्यकारों को विभिन्न सम्मान प्रदान किए गए।

कवि सम्मेलन में हास्य, गीत, गजल एवं मुक्तक की प्रस्तुतियों ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। डॉ. कीर्ति काले की वीर सावरकर पर आधारित कविता को विशेष सराहना मिली और सभागार तालियों से गूंज उठा।

अपने अध्यक्षीय संबोधन में रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ ने सकारात्मक साहित्य को समाज में आशा, संवेदना और संस्कारों के प्रसार का सशक्त माध्यम बताया तथा मंच के प्रयासों की सराहना की।

कार्यक्रम में दिल्ली-एनसीआर सहित विभिन्न स्थानों से सौ से अधिक कवि, साहित्यकार एवं साहित्यप्रेमी शामिल हुए। आयोजन को सफल बनाने में राजधानी कॉलेज हिन्दी साहित्य परिषद् के प्रभारी प्रो. महेन्द्र सिंह, श्री शुभम सिंह तथा विद्यार्थियों का विशेष सहयोग रहा।