बाॅलीवुड अभिनेत्री ग्रेसी सिंह देवी संतोषी के रूप में

प्रेमबाबू शर्मा 

भारतीय टेलीविजन के दर्शकों को जल्द ही भक्ति और दैवत्व की गाथा देखने को मिलेगी। 30 नवंबर से एंड टीवी द्वारा सोशियो-माइथोलाॅजी शो ‘संतोषी मां‘ की पेशकश की जा रही है। यह देवी संतोषी और उनकी भक्त के उन पर अपार विश्वास की कहानी है। शो के जरिये बाॅलीवुड अभिनेत्री ग्रेसी सिंह संतोषी मां के रूप में वापसी कर रही है और बेहद प्रतिभाशाली रतन राजपूत उनकी भक्त के रूप में नजर आयेंगी। रश्मि शर्मा टेलीफिल्म्स द्वारा निर्मित संतोषी मां एक नेक दिल लड़की संतोषी की कहानी है, जो बचपन से ही देवी संतोषी की भक्त है। संतोष की देवी की तरह ही संतोषी के मन में भी कोई लालच नहीं है और वह सभी का सम्मान करती है। इस शो में उसकी और देवी मां में उसके परम विश्वास की कहानी दिखाई जायेगी। देवी संतोषी उसे हर मुसीबत से बचाती है। संतोष का पाठ पढ़ाने आ रही है संतोषी मां,!

दो शानदार परफाॅर्मर्स के अलावा इस शो में इंडस्ट्री के कुछ सर्वश्रेष्ठ कलाकार भी प्रमुख भूमिकायें निभा रहे हैं। इनमें अयाज अहमद, सायंतनी घोष, सचिन श्राॅफ, जूही परमार, किरण जंजानी जैसे चर्चित सितारे और परीक्षित साहनी, उपासना सिंह एवं ओंकारदास मानेकपुरी जैसी दिग्गज हस्तियां शामिल हैं।