इंडिया स्पोर्टस संघ की बैठक

नई दिल्ली। 23 मार्च 2017। दिल्ली के ख्याला (केशवपुर) स्थित वैस्टर्न किंग होटल में इंडिया स्पोर्ट्स संघ द्वारा सामज में खेल की छवि और उसके विकास को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक को संबोधित करते हुए इंडिया स्पोर्ट्स संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनील गुप्ता ने अच्छे खिलाड़ियों की पहचान, उसके विकास, समाज में खिलाड़ियों के योगदान आदि विषयों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि अच्छा खिलाड़ी वही बन सकता है, जिसका आचरण भी अच्छा हो। साथ ही उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को नशिले पदार्थ से दूर रहना चाहिए। क्योंकि नशा से खिलाड़ियों का प्रदर्शन प्रभावित होता है।

इस मौके पर इंडिया स्पोर्ट्स संघ के उपाध्यक्ष एस.एस.डोगरा ने कहा कि बेहतर खिलाड़ी वही बन सकता है, जो अपने आचरण पर पूर्णतः अधिकार रख सके। साथ ही उन्होंने कहा कि खिलाड़ी समाज का एक रोल मॉडल होते हैं। लोगों को उन पर काफी विश्वास होता है, इसलिए खिलाड़ियों की जिम्मेदारी और प्रदर्शन समाज के विकास के लिए भी काफी महत्वपूर्ण होता है।

इस अवसर पर संघ के संरक्षक एवं हिंदू सेना प्रमुख अध्यक्ष महंत श्री आदित्य कृष्ण गिरी जी महाराज ने कहा कि खिलाड़ियों में नैतिक शिक्षा का होना अति आवश्यक है। क्योंकि अच्छा खिलाड़ी वही बन सकता है, जो अपने नैतिक जिम्मेदारी को भी समझता हो। साथ ही उन्होंने कहा कि अच्छे समाज की रचना में खिलाड़ी काफी योगदान दे सकते हैं। एक खिलाड़ी को उसका प्रदर्शन और सही समय पर सही निर्णय लेने की क्षमता ही उसे विजयी बनाता है। उसी तरह खिलाड़ियों को अपने समाज के विकास के लिए भी आगे आना होगा और सही समय पर सही निर्णय लेकर समाज के उत्थान में कार्य करने की जरुरत है।

वहीं इस अवसर पर इंडिया स्पोर्ट्स संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनील गुप्ता ने आगामी कार्यक्रम की घोषणा करते हुए कहा कि प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी 9 जुलाई 2017 को दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में नवोदित राष्ट्रीय एवं अन्तर्राष्ट्रीय खिलाड़ियों और कोचों को सम्मानित किया जायेगा।

वहीं बैठक के दौरान मौजूद गणमान्य लोगों ने वरिष्ठ फिल्म पत्रकार प्रेम बाबू शर्मा जी के आकस्मिक निधन पर दुख व्यक्त करते हुए 2 मिनट का मौन धारण किया और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए याद किया।

इंडिया स्पोर्ट्स संघ द्वारा आयोजित इस बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनील गुप्ता, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एस.एस.डोगरा, संघ के संरक्षक एवं हिंदू सेना प्रमुख अध्यक्ष महंत श्री आदित्य कृष्ण गिरी जी महाराज, दिल्ली प्रदेश के मीडिया अध्यक्ष मोहसीन खान, स्थानीय निगम पार्षद सतपाल, समाजसेवी मोईन खान, वरिष्ठ खेल पत्रकार राजेश शर्मा समेत काफी संख्या में पत्रकार और बुद्धिजीवी लोग शामिल हुए।