भारत विकास परिषद् द्वारा माइंड पॉवर एवं हेल्थ सेमिनार का आयोजन

भारत विकास परिषद् दिल्ली प्रदेश उत्तर की प्रशांत विहार शाखा द्वारा नव युग निर्माण योजना, दिल्ली के सहयोग से टेक्निया सभागार में तन एवं मन की शक्ति विकसित करके जीवन बदल देने वाले एक दिवसीय सेमिनार का आयोजन किया गया। जिसमें मन की शक्ति बढाकर सफलता, प्रसन्नता, शांति एवं अच्छे स्वास्थ्य की प्राप्ति के तौर-तरीके बतलाये गए। सेमिनार में भारत विकास परिषद् के राष्ट्रीय संयोजक (मीडिया) श्री राजकुमार जैन का भी सानिध्य प्राप्त हुआ।

सेमिनार के दौरान बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए श्री राजकुमार जैन ने कहा कि ईश्वर ने जीवन रूपी रथ को युक्ति सहित चलायमान रखने के लिए मानव शरीर में शक्ति रूपी दस इंद्रियां प्रदान की हैं। इन्हें मन रूपी बागडोर से नियंत्रण में रखा जाता है। जो मानव अपने ज्ञान व विवेक से मन की बागडोर संभालते हुए चलता है वह अपने सभी शुभ संकल्पों को पूरा करता है और जीवन को सार्थक बनाता है। योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा विशेषज्ञ डॉ. विजय आनंद गुप्ता ने कहा कि हमें अपने जीवन को सच्चे सुखमय स्तर पर प्रतिष्ठापित करने के लिए तन एवं मन की शक्तियों को जाग्रत करना होगा। इसके लिए योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा बेहद लाभकारी है।

माइंड पॉवर ट्रेनर डॉ. निष्ठा ने कहा कि हम जो भी करना चाहते हैं और पाना चाहते हैं हम वह सब कुछ प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए हमें अपने मन की शक्तियों को वैज्ञानिक तरीके से जानना और पहचानना है। ऐसा कर हम अपने मन की शक्ति का अधिकतम उपयोग कर सकते हैं। डॉ. निष्ठा ने स्लाइड के माध्यम से मन की शक्तियों को विकसित करने के तौर-तरीके बतलाए। सेमिनार के आयोजन में भाविप प्रशांत विहार शाखा के अध्यक्ष श्री सतीश चावला, सचिव श्री विजय गर्ग एवं कोषाध्यक्ष श्री अशोक अरोड़ा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।