महिला मंडल पंजाबीबाग का पवित्र करवाचौथ उत्सव संपन्न


राजधानी दिल्ली में महिलाओं की सुप्रसिद्ध संस्था महिला मंडल पंजाबी बाग की संस्थापक श्रीमती मीना गुप्ता की अध्यक्षता में ली- पैसिफिक बैंक्वेट , रोहतक रोड में “पवित्र करवाचौथ” उत्सव का भव्य आयोजन किया गया | उत्सव में बतौर मुख्य अतिथि प्रमुख समाजसेविका श्रीमती मानवती अग्रवाल, निगम पार्षद श्रीमती ज्योति अग्रवाल एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में अपार इंडिया कालेज की श्रीमती सुनीता जैन एवं श्री राजकुमार जैन ने शिरकत की | 

अपने संबोधन में वरिष्ट समाजसेविका श्रीमती सुनीता जैन ने सभी सौभाग्यशाली महिलाओं को करवाचौथ की मंगलमय शुभकामनाएँ प्रेषित करते हुए कहा कि यह ऐसा व्रत है जिससे व्रती महिलाओं के पति को चिरायु प्राप्त होती है। व्रती महिलाओं को सौभाग्य, पुत्र, पौत्र के साथ निश्चल लक्ष्मी (अधिक समय तक साथ रहने वाली) की प्राप्ति होती है। करवाचौथ व्रत में चंद्रमा की पूजा को धार्मिकता के साथ वैज्ञानिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण बताते हुए श्रीमती जैन ने कहा कि चंद्रमा मन का कारक एवं औषधियों को संरक्षित करता है। कार्तिक मास में औषधियों के गुण विकसित अवस्था में होते है। यह गुण उन्हें चंद्रमा से ही प्राप्त होता है। ये व्यक्ति को स्वस्थ एवं निरोगी बनाता है। करवाचौथ के व्रत में चंद्रमा को अ‌र्घ्य देने का विधान इसी कारण है। इससे मानव को आयु, सौभाग्य और निरोगी काया की प्राप्ति होती है। जबकि चलनी से देखने पर चंद्रमा की सकारात्मक किरणें सीधे शरीर में प्रवेश करती हैं।

पति-पत्नी के सात जन्मों के अटूट रिश्ते के प्रतीक इस “पवित्र करवाचौथ ” उत्सव के दौरान जहाँ एक ओर लायंस क्लब न्यू दिल्ली ईस्ट के द्वारा जरूरतमंद महिलाओं को सिलाई मशीन का वितरण किया गया , वहीँ समाज में कार्यरत वरिष्ट महिलाओं को ” डेवलप वुमन -डेवलप नेशन अवार्ड-2012 ” से सम्मानित भी किया गया | उत्सव के दौरान सुप्रसिद्ध गायक पंकज जेसवानी द्वारा प्रस्तुत रंगारंग कार्यक्रम ने सभी का मन मोह लिया | इस दौरान “पर्सनालिटी कंटेस्ट ( ड्रेस कोड-साड़ी ), डांडिया नृत्य एवं फन गेम -तम्बोला ” प्रमुख आकर्षण का केंद्र रहा | कार्यक्रम के सफल आयोजन में महिला मंडल , पंजाबी बाग की अध्यक्षा श्रीमती मीना गुप्ता , महामंत्री कृष्णा मंगला , कोषाध्यक्ष किरण गोयल , वरिष्ठ उपाध्यक्ष गायत्री गोयल , उपाध्यक्ष सुशीला गर्ग , कृष्णा गर्ग , शारदा अग्रवाल एवं संतोष गोयल , मंत्री दीपिका खरकिया एवंनिर्मल गुप्ता सहित सभी पदाधिकारियों एवं सदस्याओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही |