भाविप द्वारा अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर महिलाओं का सम्मान

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर भारत विकास परिषद् दिल्ली प्रदेश उत्तर ने लाल मंदिर, ईस्ट पटेल नगर में सम्मान समारोह का आयोजन किया, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। सम्मानित महिलाओं में समाजसेविका डॉ. अनीता आर्या, योग शिक्षिका श्रीमती योगेश पुरी (कैंसर पीड़ित), गायिका सुश्री सुकृति माथुर, वरिष्ट नागरिक श्रीमती शोभा, सामाजिक कार्यकत्री श्रीमती अनु मनोचा, श्रीमती शशि चड्ढा, छात्रा सुश्री कीर्ति मेहरा एवं सुश्री नव्या खरबंदा शामिल हैं। 

समारोह के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। जिसके प्रतिभागियों को आकर्षक पुरस्कार प्रदान किया गया। इस अवसर पर भारत विकास परिषद् के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री भूपेंद्र मोहन भंडारी, भाविप दिल्ली प्रदेश उत्तर के अध्यक्ष श्री राजकुमार जैन, उत्तरी दिल्ली नगर निगम की उप महापौर श्रीमती पूर्णिमा विद्यार्थी, भाविप दिल्ली प्रदेश उत्तर के महासचिव श्री संजीव मिगलानी, कोषाध्यक्ष श्री बी.बी.दिवान, निगम पार्षद डॉ. भीम सिंह शर्मा, श्रीमती अर्चना गुप्ता, एवं श्रीमती श्यामबाला, भाविप महिला सहभागिता समिति संयोजिका श्रीमती कविता अग्रवाल आदि गणमाण्य मौजूद रहे।

समारोह के दौरान भाविप दिल्ली प्रदेश उत्तर के अध्यक्ष श्री राजकुमार जैन ने कहा कि वर्तमान में महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी अहम् भागीदारी निभा रही हैं। आज की नारी इतनी सशक्त हो चुकी है कि वह देश की उन्नति में अपना भरपूर योगदान दे रही है। हमें महिलाओं के प्रति समानता का भाव जागृत कर सिर्फ विशेष दिन ही नहीं बल्कि प्रत्येक दिन उन्हें पूरा मान-सम्मान देना होगा। 

श्री जैन ने अफसोस जाहिर करते हुए कहा कि यह घोर विडंबना है कि नारी को शक्ति के रूप में पूजने वाले देश भारत में बड़ी संख्या में महिलाएं शोषण और दमन का शिकार बनती रहती हैं। ऐसी बहनों से मेरा आह्वान है कि वे बहादुर बनें एवं अन्याय के खिलाफ आवाज बुलंद करें। साथ ही समाज को भी चाहिए की वे उन्हें पूर्ण सहयोग दें। समारोह के दौरान भाविप वेस्ट पटेल नगर शाखा की कोषाध्यक्ष श्रीमती अनु मनोचा ने बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों को महिला विरोधी हिंसा में शामिल न होने एवं इस कुकृत्य में लिप्त लोगों का पुरजोर विरोध करने की शपथ दिलायी।

समारोह के आयोजन में भाविप वेस्ट पटेल नगर शाखा अध्यक्ष श्री गिरीश खट्टर, सचिव श्री अनिल बुट्टन, श्री जगदीश आनंद एवं श्री राजु मनोचा सहित भाविप से जुड़े सभी सदस्यों की भूमिका सराहनीय रही।