इमेजिग चैनल पर चन्द्रगुप्त मौर्य

प्रेमबाबू शर्मा

 दूरदर्शन के लिए रामायण जैसे लोकप्रिय धारावाहिक का निर्माण कर चुके बैनर सागर आर्टस ने इमेजिन चैनल के लिए एक नये धारावाहिक का निर्माण किया है जिसका नाम है चन्द्रगुप्त मौर्य । इस शो का प्रसारण 11 मार्च से सप्तांहत में शुक्रवार एवं शनिवार को रात्रि 9.00 बजे होगा।  चन्द्रगुप्त मौर्य, प्राचीन भारत के महानतम एवं सर्वाधिक सफल शासकों में थे। यह कृति उनके  एक के जीवन एवं उपलब्धियों पर आधारित एक कालखंडीय कृति है।

चंद्रगुप्त मौर्य एक ऐसे नवयुवक के असाधारण साहस, शौर्य तथा भव्यता की कहानी है, जो विद्वता एवं बुद्धिमत्ता के प्रतीक चाणक्य के संपर्क में आने के पूर्व एक अनुचर के रूप में जीवन-यापन करने के लिये विवश था। चाणक्य के दिशा-निर्देशन में चंद्रगुप्त एक मामूली आदमी से प्राचीन भारत के महानतम शासकों में से एक में परिवर्तित हो गया। चाणक्य की प्रेरणा एवं प्रोत्साहन से चंद्रगुप्त को एक कुशल रणनीतिज्ञ, एक राजनयिक शासक के साथ ही साथ एक संवेदनशील एवं अंतर्ज्ञानी मनुष्य बनने में सहायता प्राप्त हुयी। चंद्रगुप्त के शासन काल में महान मौर्य साम्राज्य ने खूब उन्नति की, जो पूर्व में बंगाल व असम, पश्चिम में अफगानिस्तान व बलूचिस्तान, उत्तर में कश्मीर व नेपाल तथा दक्षिण में दक्कन के पठार तक विस्तृत था।

धारावाहिक में नामचीन कलाकार काम कर रहे है जिसमें सूरज थापर तथा मनीष वाधवा, ऋषिराज पवार के नाम प्रमुख है। इस शो के लॉन्च पर टिप्पणी करते हुये श्री सौरभ तिवारी, हेड ऑफ प्रोग्रामंग-फिक्शन, इमैजिन टीवी ने कहा कि, ‘‘इमैजिन के अंतर्गत हम प्राचीन इतिहास एवं लोक-कथाओं में उपलब्ध विशिष्ट भारतीय कहानियों को चिन्हित कर दर्शकों के सम्मुख पेश करते हैं, जो कि वर्तमान काल के दर्शकों के लिये भी काफी उपयोगी है। चंद्रगुप्त मौर्य भी ऐसी ही एक कहानी है… सम्मोहक, षड़यंत्रों से भरपूर तथा प्रेरणादायक। इमैजिन के अन्तर्गत इतिहास पर आधारित प्रभावशाली एवं सारगर्भित कार्यक्रमों  के निर्माण की परंपरा रही है और हमें पूर्ण विश्वास है कि यह कहानी हमारे दर्शक वर्ग को भावनात्मक रूप से स्पर्श करेगी।‘‘