साहिब श्री गुरु नानक देव जी का 557वाँ प्रकाश पर्व द्वारका उपनगरी में 24 नवंबर 2026 को बड़ी श्रद्धा, उत्साह और धार्मिक भावना के साथ मनाया गया।
इस शुभ अवसर पर श्री गुरु सिंह सभा (रजि.), द्वारका द्वारा, गुरुद्वारा साहिब, सेक्टर-11, द्वारका, नई दिल्ली पूरे दिन गुरमत समागम का आयोजन किया गया ! समागम का शुभारंभ सुंदर ढंग से सजाए गए विशाल पंडाल में साहिब श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के पावन प्रकाश के साथ हुआ।
इस अवसर पर सचखंड श्री दरबार साहिब, अमृतसर के हजूरी रागी भाई हरकंवल प्रीत सिंह जी तथा गुरुद्वारा श्री सीस गंज साहिब, नई दिल्ली के हजूरी रागी भाई सतबीर सिंह जी ने गुरबाणी कीर्तन का गायन किया। इसके अतिरिक्त स्त्री सत्संग तथा द्वारका के बच्चों द्वारा भी गुरबाणी कीर्तन किया गया।
शाम के दीवान का शुभारंभ पाठ श्री रहिरास साहिब जी के साथ हुआ। इसके उपरांत सचखंड श्री दरबार साहिब, अमृतसर के हजूरी रागी भाई सुखजीत सिंह जी, (बाबा बकाला) तथा द्वारका गुरुद्वारा साहिब के हजूरी रागी भाई जतिंदर सिंह जी ने गुरबाणी कीर्तन के माध्यम से संगत को गुरु चरणों से जोड़ा।
इस अवसर पर द्वारका गुरुद्वारा साहिब, के मुख्य ग्रंथी भाई ज्ञानेंद्र सिंह जी ने गुरमत विचारों के माध्यम से उपस्थित संगत को गुरु साहिब जी की शिक्षाओं तथा जीवन के उच्च आदर्शों के बारे में जानकारी दी। द्वारका के बच्चों द्वारा सिख मार्शल आर्ट गतका का प्रदर्शन भी किया गया, जिसे संगत ने खूब सराहा।
विशिष्ट समानित अतिथियों में पश्चिम दिल्ली की सासद श्रीमती कमलजीत सहरावत, मटियाला के विधायक श्री संदीप सहरावत और दक्षिण पश्चिम जिला के जिला मजिस्ट्रेट श्री किशोर क्षीरसागर लक्ष्मण (IAS) भी गुरु चरणों में नतमस्तक हुए।
गुरुद्वारा कमेटी के प्रधान सरदार कुलदीप सिंह, सचिव सरदार देविंदर पाल सिंह और कोषाध्यक्ष सरदार अरविंदर सिंह छतवाल के साथ कमेटी के अन्य मेंबर भी उपस्थित रहे।
इस पावन अवसर पर द्वारका उपनगरी तथा आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में संगत गुरुद्वारा साहिब पहुंची और गुरु साहिब के चरणों में माथा टेककर अपनी श्रद्धा एवं सम्मान अर्पित किया। द्वारका गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी द्वारा हजारों की संख्या में पहुंची संगत के लिए पूरे दिन गुरु का अटूट लंगर वितरित करने का प्रबंध किया गया था।
इस अवसर पर सिंह सभा के कोषाध्यक्ष श्री ए. एस. छतवाल ने बताया कि गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व हमें नाम जपने, मेहनत और ईमानदारी से कमाई करने, समय समय पर जरूरत मंद लोगों की मदद करने, सर्वजन के कल्याण तथा संपूर्ण मानवता से प्रेम करने का संदेश की याद दिलाता है। यदि हम गुरु साहिब की शिक्षाओ को अपने जीवन में अपनाने का यत्न करे तो एक अच्छे, शांतिपूर्ण और सद्भावना से परिपूर्ण समाज का निर्माण करने में सहायक हो सकता है।



