नई दिल्ली, 2 मार्च 2025 – दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने वरिष्ठ साहित्यकार दिनेश शर्मा ‘दिनेश’ की पुस्तक ‘श्री श्याम महिमा’ का विमोचन किया। दिल्ली के उत्तर पूर्व जिले स्थित गाँव हरेवली की गोपाल गऊसदन में आयोजित कार्यक्रम में नरेला सांसद योगेन्द्र चंदोलिया, कैबिनेट मंत्री रविन्द्र इंद्राज सिंह और अन्य गणमान्य विधायक उपस्थित रहे।
वरिष्ठ साहित्यकार विनीत पांडेय ने पुस्तक की विशेषताओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ‘श्री श्याम महिमा’ भारतीय संस्कृति, धार्मिक आस्था और तीर्थ स्थलों के महत्व को उजागर करने वाली उत्कृष्ट कृति है। इसमें श्री श्याम जी के आध्यात्मिक महत्व, उनके आदर्शों और उपदेशों का विस्तृत विवरण दिया गया है। कार्यक्रम के समापन पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और सांसद योगेन्द्र चंदोलिया ने दिनेश शर्मा ‘दिनेश’ को पुस्तक विमोचन पर बधाई दी और इसे श्याम भक्तों के लिए एक महत्वपूर्ण ग्रंथ बताया। प्रसिद्ध कवि एवं साहित्यकार दिनेश शर्मा ‘दिनेश’ ने इस अवसर पर अपने काव्यपाठ से भी सभी का मन मोह लिया।