महात्मा गांधी एक ऐसे व्यक्ति थे जिन्होंने केवल देश ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया में भारतीय मूल्यों को नई पहचान दी-मनोज तिवारी

भारतीय जनता पार्टी नवीन शाहदरा जिला द्वारा आज गांधी संकल्प यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा विश्वकर्मा गेट, राम नगर, मंडौली रोड से शुरू होकर राम नगर रोड से होते हुए जी टी रोड, शहादरा चैक पर समाप्त हुई। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष श्री कैलाश जैन, भाजपा नेता श्री जयभगवान गोयल, श्री अनिल गुप्ता, श्री दिव्य जायसवाल, श्री जितेंद्र महाजन, जिला महामंत्री श्री कर्मवीर चंदेल, मास्टर विनोद कुमार, मीडिया विभाग के प्रदेश सह-प्रमुख श्री आनंद त्रिवेदी, सभी निगम पार्षद, सभी मंडल अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए श्री मनोज तिवारी ने कहा महात्मा गांधी ने भारतीय मूल्यों को पूरे विश्व में पहुंचाने का काम किया। महात्मा गांधी के जन्म के 150 साल पूरे होने पर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने इसे सरकारी कार्यक्रम नहीं बल्कि जन-जन का अभियान बनाया। प्रधानमंत्री मोदी ने इसीलिए गांधी जी के मूल्यों को पुनः स्थापित करने का काम किया। गांधी जी के विचार और सिद्धांत आज भी प्रासंगिक हैं, गांधी जी के विचार शाश्वत हैं। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी एक ऐसे व्यक्ति थे जिन्होंने केवल देश ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया में भारतीय मूल्यों को नई पहचान दी। सत्याग्रह के माध्यम से अंग्रेजों को उस साधारण से आदमी ने झुकने के लिए मजबूर कर दिया।

श्री मनोज तिवारी ने कहा वो महामानव जिसने पूरी दुनिया की समस्याओं को सुलझाने का रास्ता दिखाया, जिसने लोकतांत्रिक मूल्यों की जड़ें पाताल जितनी नीचे तक पहुंचाई, वो महात्मा गांधी की 150वीं जयंती से लेकर 152वीं जयंती तक उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाएंगे। हम गांधी जी के संदेश, बिना काम का धन, विवेकरहित खुशी, बिना चरित्र का ज्ञान, नैतिकता के बिना व्यापार, त्याग के बिना धर्म, मानवता के बिना विज्ञान और सिद्धांत के बिना राजनीति, इन सबका त्याग करने के लिए हम पूरी दिल्ली में जागरुकता फैलाएंगे।

श्री मनोज तिवारी ने कहा कि बरसों तक कांग्रेस महात्मा गांधी जी के तथाकथित आदर्शों की दुहाई देकर सत्ता के भोग के लिए दिल्ली की जनता को गुमराह कर रहे हैं जिन संसाधनों का सदुपयोग कर जनहित के कार्य करने चाहिए। केजरीवाल उनका दुरुपयोग कर जनता में भ्रम, झूठ और फरेब फैलाकर एक बार फिर सत्ता हासिल करना चाहते हैं, जो न सिर्फ गांधी जी के दिखाए गए आदर्शों के विपरीत है बल्कि नैतिक मूल्यों से भी विपरीत है। हम सभी कार्यकर्ताओं ने ये संकल्प लेना है कि गांधी जी की 150वीं जयंती पर हम दिल्ली के घर-घर और कोने-कोने तक जाएंगे तथा महात्मा गांधी जी के आदर्शों की सही जानकारी देकर केजरीवाल जैसे सत्तालोलुप लोगों को बेनकाब करेंगे एवं एक आदर्श दिल्ली के निर्माण के लिए दिल्ली में जनमानस तैयार करेंगे।

श्री मनोज तिवारी ने सिंगल यूज प्लास्टिक पर रोक लगाने कि मुहिम को जनांदोलन बनाने की बात कही। उन्होंने कहा कि मोदी जी देश सिंगल यूज प्लास्टिक से मुक्ति दिलाने का संकल्प लेकर निकले हैं। इस मुहिम को जनांदोलन बनाने की जिम्मेदारी देश की जनता और भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं पर है। उन्होंने कहा कि प्लास्टिक को नष्ट होने में लगभग 400 साल लगते हैं। इसका हमारे स्वास्थ्य और वातावरण के लिए भी हानिकारक है। इससे जानवरों पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। आइए आज हम सिंगल यूथ प्लास्टिक का इस्तेमाल न करने का प्रण लें।