116वीं जयंती पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से चौधरी चरणसिंह को मरणोपरांत भारत रत्न देने की मांग: दयानंद वत्स

आदर्श ग्रामीण समाज और अखिल भारतीय स्वतंत्र पत्रकार एवं लेखक संघ दिल्ली के तत्वावधान में आज समाज के रोहिणी स्थित मुख्यालय बरवाला में समाज के वरिष्ठ उपाध्याय एवं संघ केे राष्ट्रीय महामंत्री दयानंंद वत्स की अध्यक्षता में किसानों और मजदूरों के हित चिंतक पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरणसिंह की 116 वीं जयंती सादगी और श्रद्धा पूर्वक मनाई गयी। वत्स ने चौधरी चरणसिंह के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें देश के करोडों कृतज्ञ किसानों और कामगारों की और से अपने श्रद्धा सुमन अर्पित किए।

इस अवसर पर अपने संबोधन में श्री दयानंद वत्स ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री श्री राजनाथ सिंह  से स्वर्गीय चौधरी चरणसिंह को मरणोपरांत भारत रत्न से सम्मानित करने की मांग की है । वत्स ने कहा कि चौधरी चरणसिंह देश के किसानों और कामगारों के मसीहा थे। वे केंद्र सरकार में वित्त एवं गृहमंत्री रहे, उप-प्रधानमंत्री रहे और तदुपरांत देश के प्रधानमंत्री बने। उन्होने आजीवन गांव, गरीब, किसान और मजदूर की आवाज बुलंद की। वे उत्तर प्रदेश के मुख्य मंत्री भी रहे हैं। भारतीय राजनीति और सामाजिक दृष्टि से उनका देश की प्रगति में भी उल्लेखनीय योगदान रहा है। इसलिए देश के करोड़ों किसानों और कामगारों का सम्मान करते हुए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी चौधरी चरणसिंह को तत्काल मरणोपरांत भारत रत्न की उपाधि से सम्मानित करने की घोषणा करें। श्री दयानंद वत्स ने कहा कि चौधरी चरणसिंह को भारत रत्न से सम्मानित करने से स्वयं श्री नरेन्द्र मोदी देश के किसानों और मजदूरों के त्याग, बलिदान और समर्पण को ही सम्मान देंगे। सरकार को गंभीरता से इस विषय में निर्णय लेना चाहिए।