भारत विकास परिषद् द्वारा होली मंगल मिलन एवं स्मारिका विमोचन समारोह का भव्य आयोजन

भारत विकास परिषद् दिल्ली प्रदेश उत्तर की कमला नगर शाखा द्वारा पारिवारिक होली मंगल मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर भाविप के राष्ट्रीय महामंत्री श्री एस.के. बधवा, भाविप दिल्ली प्रदेश उत्तर के मुख्य परामर्शदाता श्री भूपेन्द्र मोहन भंडारी, अध्यक्ष श्री राजकुमार जैन एवं महासचिव श्री संजीव मिगलानी आदि ने शाखा की “संपर्क” स्मारिका का भी विमोचन किया।
कार्यक्रम के दौरान विधायक श्री कंवर करण सिंह, निगम पार्षद श्री अरविन्द गर्ग, भाविप के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष डॉ. कन्हैया लाल गुप्ता, दिल्ली प्रदेश उत्तर के कोषाध्यक्ष श्री बी.बी. दिवान, वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्रीमती रश्मि गोयला एवं श्री जोगीराम जैन आदि की भी गरिमामयी उपस्थिति रही। समारोह के दौरान पुष्प एवं चंदन की होली ने बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों में एक नई उमंग भर दी वहीं होली के रंग में रंगा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी लोगों को खूब भाया। “आयो रे-आयो रे, फागुन आयो रे‐‐‐” जैसे कर्णप्रिय गीतों पर कलाकारों द्वारा प्रस्तुत मनमोहक नृत्य ने उपस्थित लोगों को भी आनंदित हो झूमने पर विवश कर दिया।

अपने संबोधन में भाविप के राष्ट्रीय महामंत्री श्री एस.के. बधवा ने सभी को होली की हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए भाविप के संस्कार एवं सेवाभावी कार्यों पर विस्तृत प्रकाश डाला। भाविप दिल्ली प्रदेश उत्तर के अध्यक्ष श्री राजकुमार जैन ने भारत को पर्व एवं त्योहारों का देश बताते हुए इन त्योहारों को मनाने की मूल भावना को भी आत्मशात करने पर जोर दिया। उन्होंने आगे कहा कि प्रत्येक पर्व या त्यौहार एक ओर जहाँ मानव जीवन में नव उर्जा का संचार करते हैं वहीं आपसी सामंजस्य एवं भाईचारे की भी भावना प्रबल होती है। रंगों का पर्व होली नाचने-गाने, हँसी-मजाक करने एवं ईर्ष्या-द्वेष जैसे विचारों को निकाल फेंकने का अवसर है। इसे मंगलमय रूप देकर मनाया जाना चाहिए, तभी इसका भरपूर आनंद लिया जा सकेगा।
उल्लेखनीय है कि स्वामी विवेकानंद जी की जन्म शताब्दी (150वर्ष उत्तर शताब्दी) एवं भारत विकास परिषद् की स्वर्ण जयंती (50वर्ष) के उपलक्ष्य में कुल 220 पृष्ठों वाले इस “संपर्क” स्मारिका का प्रकाशन शाखाओं, केंद्र एवं प्रदेश अधिकारियों के मध्य अधिकाधिक समन्वय एवं सम्बन्ध स्थापित करने में सहूलियत प्रदान करने के उद्येश्य से की गयी है। स्मारिका में भारत विकास परिषद् की गतिविधियाँ, प्रकल्पों पर आधारित कार्यक्रमों की झलकियाँ, प्रबुद्ध जनों के लेख एवं सदस्य निर्देशिका आदि शामिल है। उम्मीद की जा रही है कि यह स्मारिका दिन-प्रतिदिन के संपर्क एवं समन्वय के लिहाज से अत्यधिक उपयोगी सिद्ध होगी। कार्यक्रम के आयोजन में भाविप कमला नगर शाखा के अध्यक्ष श्री सत्यनारायण गोयल, कोषाध्यक्ष श्री राजेन्द्र कुमार गुप्ता, सचिव नरेन्द्र सिंघल सहित सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों की भूमिका सराहनीय रही।